Jamshedpur: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस की ओर से सीनी जोनल रेलवे प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षु स्टेशन मैनेजर, ट्रेन मैनेजर, क्रू कंट्रोलर, टीसी, टीएनसी एवं टॉवर वैगन चालकों के लिए आपदा प्रबंधन विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के उप प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने उद्घाटन सत्र में चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी एवं संस्थान के प्राचार्य के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डिवीजन द्वारा सुरक्षा-संरक्षा कार्यों हेतु आधुनिक उपकरण एवं संयंत्र उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका प्रभावी उपयोग कुशल प्रशिक्षण से ही संभव है।
प्रशिक्षण के दौरान आग लगने के कारण, सहायक तत्व, आग बुझाने की विधियां, फायर संयंत्रों के सुरक्षित प्रयोग, रखरखाव एवं सावधानियों पर विस्तृत प्रस्तुति (पीपीटी) के माध्यम से जानकारी दी गई। दूसरे सत्र में डेमोस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद द्वारा मॉक ड्रिल आयोजित कर फायर संयंत्रों के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण कराया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशाखापत्तनम, सम्बलपुर, बिलासपुर, राउरकेला एवं रांची से आए स्टेशन मैनेजर, गार्ड एवं टीसी सहित कुल 80 प्रशिक्षु रेलकर्मी उपस्थित रहे। संस्थान के उप प्राचार्य एवं चीफ अनुदेशक संतोष कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
ज्ञात हो कि टाटानगर रेल सिविल डिफेंस को चक्रधरपुर के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी द्वारा सुरक्षित ट्रेन परिचालन एवं सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ बनाने के साथ दुर्घटना की स्थिति में दक्ष आपदा राहत कार्य प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सिविल डिफेंस टीम के इस प्रयास से रेलवे के आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।










