Jamshedpur:टाटा पावर में कार्यरत मजदूरों को ओवरटाइम (OT) का दुगुनी दर से भुगतान नहीं किए जाने के मुद्दे पर उप श्रमायुक्त कार्यालय में मंगलवार को प्रस्तावित वार्ता उप श्रमायुक्त की अनुपस्थिति के कारण नहीं हो सकी। इससे मजदूरों में नाराजगी व्याप्त है और मामले को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है।
वार्ता में भाग लेने के लिए टाटा पावर मजदूर यूनियन के उपाध्यक्ष अंबुज कुमार ठाकुर समेत अन्य प्रतिनिधि पहुंचे थे, लेकिन निर्धारित बैठक नहीं हो पाने से सभी को निराश होकर लौटना पड़ा।
अंबुज कुमार ठाकुर ने कहा कि मजदूरों को न्याय की उम्मीद श्रम विभाग से है, लेकिन पिछले लगभग तीन महीनों से सिर्फ तारीख पर तारीख मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि टाटा पावर कंपनी और ठेका कंपनी आर.के. इरेक्टर इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही हैं और श्रम विभाग को भी पर्याप्त महत्व नहीं दे रही हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो मजदूर हड़ताल का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी श्रम विभाग पर होगी।
इस दौरान वार्ता में शामिल होने पहुंचे टाटा पावर मजदूर यूनियन के महासचिव एन.एन. पाल, धनंजय शुक्ला, पवन कुमार और दिलीप कुमार भी मौजूद थे। मजदूर नेताओं ने एक स्वर में कहा कि ओटी का बकाया भुगतान जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रमिकों के साथ न्याय हो सके।









