Jamshedpur:मेयर पद पर ऐतिहासिक विजय के बाद नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता का मानगो में भव्य विजय जुलूस सह आभार यात्रा निकाली गई। मानगो की सड़कों पर हजारों समर्थकों की मौजूदगी में लोकतंत्र के इस उत्सव का जश्न ढोल-नगाड़ों, पुष्प वर्षा और “सुधा-बन्ना जिंदाबाद” के नारों के साथ मनाया गया।
आभार यात्रा में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता भी शामिल हुए। डिमना अविनाश नगर से निकले इस भव्य जुलूस का नेतृत्व उपेंद्र सिंह मस्तान ने किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह समेत महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के विभिन्न वर्गों की बड़ी भागीदारी रही।
मंदिरों में पूजा-अर्चना, आशीर्वाद लिया
खुली जिप्सी में सुधा गुप्ता और बन्ना गुप्ता दोपहर करीब 1 बजे शिरोमन नगर स्थित भगवान शिव मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इसके बाद डिमना रोड होते हुए बड़ा हनुमान मंदिर, पारडीह स्थित काली मंदिर, ओल्ड पुरुलिया रोड से साकची शिव मंदिर तथा कदमा रणकनी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। अंततः जुलूस कदमा स्थित आवास पर जाकर संपन्न हुआ।
जनसभा को संबोधित करते हुए मेयर सुधा गुप्ता ने कहा,
“यह जीत मेरी नहीं, मानगो की हर माँ-बहन, हर युवा, हर बुजुर्ग और हर मेहनतकश नागरिक की जीत है। आपने जो विश्वास मुझ पर जताया है, मैं उसे विकास, पारदर्शिता और सेवा के माध्यम से सार्थक करूँगी।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विजय जुलूस शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि जनता के प्रति आभार प्रकट करने का अवसर है। उन्होंने स्वच्छ, सुरक्षित, शिक्षित और समृद्ध मानगो के निर्माण का संकल्प दोहराया। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार और प्रत्येक वार्ड में समान विकास को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं और जनता के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विकास के मुद्दे को जनता ने स्वीकार किया और अब सुधा गुप्ता के नेतृत्व में “बेहतर और ग्रेटर मानगो” के निर्माण को गति मिलेगी।
विजय जुलूस शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें प्रशासन का भी सराहनीय सहयोग रहा।








