Snake Savers’ टीम को मान्यता दिलाने की मांग, भाजपा नेता अंकित आनंद ने सौंपा ज्ञापन, प्रशासन ने कार्रवाई का दिया आश्वासन

SHARE:



जमशेदपुर, 24 जून 2024 – जमशेदपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में विषैले सर्पों से जनजीवन की रक्षा में विगत एक दशक से नि:स्वार्थ सेवा दे रही ‘Snake Savers’ टीम को औपचारिक मान्यता और प्रशासनिक सहयोग दिलाने की मांग को लेकर भाजपा नेता अंकित आनंद के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिला उपायुक्त कार्यालय में उप विकास आयुक्त (DDC) को ज्ञापन सौंपा।

जनता दरबार में उठी टीम की समस्याएं

जिला उपायुक्त की अनुपस्थिति में आयोजित जनता दरबार के दौरान उप विकास आयुक्त ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इस विषय में जल्द ही वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से पत्राचार कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

ज्ञापन में रखी गई पांच प्रमुख मांगे

ज्ञापन में भाजपा नेता अंकित आनंद एवं ‘Snake Savers’ टीम द्वारा निम्नलिखित 5 मांगें प्रमुख रूप से रखी गईं:

1. रेस्क्यू उपकरण, सुरक्षा किट और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।


2. सांप रेस्क्यू कार्य को “आपातकालीन एवं आवश्यक सेवा” की श्रेणी में लाया जाए और इसमें संलग्न युवाओं को सरकारी पहचान पत्र दिया जाए।


3. पुलिस और ट्रैफिक विभाग को निर्देशित किया जाए कि वे Snake Savers टीम के कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप न करें।


4. टीम के सक्रिय सदस्यों को मानदेय अथवा पारिश्रमिक प्रदान किया जाए।


5. जन-जागरूकता अभियान को जिला प्रशासन और वन विभाग के समन्वय से चलाया जाए।



बिना संसाधनों के काम करना जोखिम भरा – टीम प्रमुख

टीम प्रमुख मिथिलेश श्रीवास्तव उर्फ छोटू ने बताया कि टीम बिना किसी सरकारी मदद के विषैले सांपों का रेस्क्यू कर रही है। लेकिन संसाधनों के अभाव और पुलिस की पूछताछ, ट्रैफिक रोक-टोक से कार्य में निरंतर बाधा आ रही है। उन्होंने इसे जान जोखिम में डालने वाला सेवा कार्य बताया, जिसे प्रशासन से समर्थन मिलना जरूरी है।

टीम का जमीनी योगदान प्रशंसनीय

‘Snake Savers’ टीम ने पिछले वर्षों में सैकड़ों सर्पों का सुरक्षित रेस्क्यू कर न केवल आमजन को बचाया, बल्कि जैव विविधता संरक्षण में भी अहम योगदान दिया है। इस दौरान तरुण कालिंदी, शांतनु कुमार, रजनी लाहेल, विजय दत्ता समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


Leave a Comment