खराब जलमीनारों की मरम्मती को लेकर कांग्रेस का विरोध, कार्यपालक अभियंताओं को सौंपा ज्ञापन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों में वर्षों से खराब पड़े जलमीनारों की मरम्मती नहीं होने पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंताओं से मुलाकात कर कड़ी नाराजगी जताई। जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आदित्यपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार और जमशेदपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार से भेंट की।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जिले के 11 प्रखंडों में करीब 112 जलमीनार खराब पड़े हैं और विभागीय संवेदकों द्वारा मरम्मती नहीं कराए जाने से आम जनता भीषण जलसंकट का सामना कर रही है। संवेदकों को जलमीनार का निर्माण करने के साथ-साथ पाँच वर्षों तक उसका रखरखाव करना होता है, लेकिन इस दिशा में विभाग की ओर से कोई जवाबदेही तय नहीं की जा रही है।दुबे ने कहा कि पेयजल की विकराल होती समस्या के बावजूद विभागीय लापरवाही चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी घोषणा की कि जल्द ही राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री से मिलकर इस गंभीर समस्या से अवगत कराया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने सभी प्रखंड व मंडल अध्यक्षों और कांग्रेस पदाधिकारियों का आभार जताया जिन्होंने जलमीनारों की सूची व फोटो कार्यालय को उपलब्ध कराए, जो विभाग को सौंपे गए हैं।

इस मौके पर प्रदेश सचिव राकेश कुमार तिवारी, खगेनचन्द्र महतो, सुरेश धारी, लखिंदर करुवा, नलिनी सिन्हा, राजा ओझा, आशीष ठाकुर, मुन्ना मिश्र समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। जानकारी कांग्रेस उपाध्यक्ष संजय सिंह आज़ाद ने दी।

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें