धूमधाम से मनाया जा रहा 33वां मां काली पूजा महोत्सव सीतारामडेरा कुआं मैदान में

SHARE:

Jamshedpur :धार्मिक आस्था और भक्ति के रंग में रंगा सीतारामडेरा का कुआं मैदान इन दिनों मां काली की आराधना में डूबा हुआ है। “न्यू आजाद संग काली पूजा समिति” (स्थापना वर्ष 1993) के तत्वावधान में आयोजित 33वां मां काली पूजा महोत्सव इस वर्ष भव्यता और श्रद्धा का अनोखा संगम पेश कर रहा है।

समिति के अध्यक्ष संजय पाल, सचिव विजय शर्मा एवं अशोक नाग ने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल का विशेष आकर्षण पश्चिम बंगाल के कांटाई जिले के कारीगरों द्वारा निर्मित “विक्टोरिया पैलेस, कोलकाता” की भव्य प्रतिकृति है।

मां काली के साथ-साथ मां दुर्गा स्वरूप, रामकृष्ण परमहंस, मां शारदा देवी एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाएं भी बंगाल से विशेष रूप से मंगाई गई हैं, जो विधिवत पूजन के लिए बेदी पर विराजमान हैं।

पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्सव का माहौल है। प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें स्थानीय कलाकार अपनी नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह रहे हैं। भक्तों के बीच भोग-प्रसाद का वितरण भी निरंतर जारी है।

महोत्सव का समापन 24 अक्टूबर 2025 को शाम 5 से 6 बजे के बीच आकर्षक आतिशबाजी के रंगारंग प्रदर्शन के साथ किया जाएगा। इसके उपरांत ढांकी बाजे की गूंज के साथ भक्तों की शोभायात्रा निकलेगी और मां काली की प्रतिमा का विसर्जन स्वर्णरेखा नदी में किया जाएगा।

धार्मिक उत्साह, सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता का यह संगम सीतारामडेरा में दीपावली और काली पूजा के पावन अवसर पर एक अविस्मरणीय माहौल बना रहा है।

Leave a Comment