जमशेदपुर पुलिस ने प्रिंस खान गैंग के दो शूटरों को हथियार समेत दबोचा

SHARE:

Jamshedpur:पूर्वी सिंहभूम पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में फायरिंग कांड के आरोपित प्रिंस खान गैंग के दो शूटरों — राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू और राजेश गिरि उर्फ दांतू — को पुलिस ने हथियार और स्कूटी समेत गिरफ्तार किया है। दोनों अपराधी उस समय पकड़े गए जब वे देर रात करीब 1:00 बजे मानगो बस स्टैंड की ओर जा रहे थे।

वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (मु०) प्रथम भोला प्रसाद सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने रात्रि गश्ती दल और टाइगर मोबाइल के सहयोग से पांडे घाट के पास से दोनों को धर दबोचा।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दोनों अपराधियों ने स्वयं को प्रिंस खान गैंग का सदस्य बताया और हरेराम सिंह के घर पर हुई फायरिंग में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनके पास से एक देशी पिस्टल, कट्टा, तीन जिंदा गोलियां, एक मैगजीन और सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी (JH-05 DM-4568) बरामद की है।


पृष्ठभूमि — भूईयाडीह फायरिंग कांड

10 अक्टूबर 2025 को गैंगस्टर प्रिंस खान के निर्देश पर शूटरों ने भूईयाडीह निवासी हरेराम सिंह के घर पर रंगदारी नहीं देने के कारण फायरिंग की थी। इस मामले में सीतारामडेरा थाना में कांड संख्या 135/2025 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था।
अब तक की जांच में मुख्य षड्यंत्रकारी आकाश सिंह, मुठभेड़ में पकड़ा गया शूटर रवि महानंद उर्फ गोपला, तथा साजिशकर्ता दशरथ शुक्ला पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास

राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू (32 वर्ष) — सोनारी, सिदगोड़ा, गोलमुरी, कदमा, एमजीएम, गालूडीह और बड़बील थाना क्षेत्रों में दर्ज 14 से अधिक आपराधिक मामले, जिनमें डकैती, चोरी, फायरिंग, रंगदारी और शस्त्र अधिनियम की धाराएं शामिल हैं।

राजेश गिरि उर्फ दांतू (26 वर्ष) — वर्ष 2011 में गोलमुरी थाना कांड संख्या 246/2011 में डकैती (धारा 395/412) के तहत अभियुक्त रह चुका है।

बरामद सामान

देशी पिस्टल – 01

पिस्टल का मैगजीन – 01

7.65mm की जिंदा गोली – 01

देशी कट्टा – 01

.315 बोर की जिंदा गोलियां – 02

घटना में प्रयुक्त स्कूटी (JH-05 DM-4568) – 01

कीपैड मोबाइल फोन – 01

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में डीएसपी भोला प्रसाद सिंह, थाना प्रभारी निरंजन कुमार, पु.नि. गुलाब रब्बानी खान, अक्षय कुमार, महेन्द्र सिंह, सरयू राम, प्रेम मिश्रा सहित तकनीकी शाखा के आरक्षी विवेक कुमार सिंह, सुनील कुमार, मनोज कुमार महतो की विशेष भूमिका रही।


पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बताया कि इन गिरफ्तारियों से जमशेदपुर में संगठित अपराध और रंगदारी गिरोहों पर नकेल कसने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अब प्रिंस खान गैंग के अन्य फरार सदस्यों की तलाश तेज़ कर रही है।

Leave a Comment