सीनी वर्कशॉप कर्मी की हार्ट अटैक से मौत, अस्पताल में सुविधाओं के अभाव को लेकर कर्मचारियों का घेराव

SHARE:

Adityapur  : दक्षिण पूर्व रेलवे के सीनी वर्कशॉप में कार्यरत कर्मचारी श्रीकांत कुमार (35 वर्ष) की बुधवार सुबह टहलने के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और सहकर्मियों ने रेलवे अस्पताल में चिकित्सकीय सुविधाओं के अभाव का आरोप लगाते हुए शव के साथ अस्पताल परिसर का घेराव कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टर की उपलब्धता नहीं होने के कारण श्रीकांत कुमार को समय पर सीपीआर नहीं दिया जा सका, जिससे उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनका कहना है कि यदि तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिलती तो स्थिति अलग हो सकती थी।

घटना के विरोध में सुबह करीब 9 बजे से कर्मचारियों ने अस्पताल का घेराव शुरू कर दिया और डीआरएम को मौके पर बुलाने की मांग की। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि आपातकालीन स्थिति में जीवन रक्षक सीपीआर देने के लिए न तो प्रशिक्षित विशेषज्ञ उपलब्ध थे और न ही आवश्यक उपकरण।

बताया गया कि प्राथमिक उपचार के अभाव में श्रीकांत कुमार को सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कर्मचारियों का यह भी कहना है कि रेलवे अस्पताल में एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे गंभीर मरीजों को तत्काल बड़े अस्पताल रेफर करना मुश्किल हो जाता है।

करीब छह घंटे चले घेराव के बाद दोपहर 3 बजे रेलवे के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से टेलीफोन पर वार्ता हुई। वार्ता के दौरान प्राथमिकता के आधार पर एम्बुलेंस की व्यवस्था करने और 24 घंटे डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिए जाने के बाद घेराव समाप्त किया गया।

घटना के बाद वर्कशॉप के कर्मचारियों में आक्रोश और भय का माहौल है। उनका कहना है कि यदि स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में भी ऐसी घटनाएं दोहराई जा सकती हैं।

मृतक के सहकर्मियों और यूनियन सदस्यों ने रेल मंत्रालय और दक्षिण पूर्व रेलवे के उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सीनी रेलवे अस्पताल में 24 घंटे डॉक्टरों की उपलब्धता, अत्याधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों से लैस एम्बुलेंस की व्यवस्था तथा वर्कशॉप में इमरजेंसी मेडिकल टीम और सीपीआर प्रशिक्षण की सुविधा शामिल है।

Leave a Comment