सिंहभूम चैम्बर ने टाटा मुख्य अस्पताल के सीसीयू मरीजों के परिजनों की सुविधा के लिए दक्षिणी गेट खोलने का आग्रह किया

SHARE:

07 जून 2025, जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ने टाटा स्टील के कॉर्पोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष श्री डी.बी. सुंदर रामम को एक पत्र लिखकर टाटा मुख्य अस्पताल के सीसीयू में भर्ती मरीजों के परिजनों की सुविधा के लिए अस्पताल के दक्षिणी छोर पर स्थित गेट को विजिटिंग आवर्स के दौरान खोलने का आग्रह किया है। मानद महासचिव मानव केडिया ने इस महत्वपूर्ण पहल की जानकारी दी।

सिंहभूम चैम्बर के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि टाटा मुख्य अस्पताल का सीसीयू वार्ड अस्पताल के दक्षिणी छोर पर स्थित है, जहां गंभीर रूप से बीमार मरीज भर्ती हैं। वर्तमान में परिजन मुख्य द्वार से काफी दूरी तय करके वार्ड तक पहुंचते हैं, जिससे उन्हें समय की बर्बादी और असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर के दक्षिणी गेट (जो सेंटर प्वाइंट होटल के पास है) को केवल विजिटिंग आवर्स के दौरान खोलने का सुझाव दिया गया है, जिससे मरीजों के परिजन आसानी से और जल्दी वार्ड तक पहुंच सकें।

अध्यक्ष मूनका ने कहा, “टाटा स्टील ने हमेशा से अपने शहर और नागरिकों के हित को सर्वोपरि रखा है। इसलिए हमें विश्वास है कि उपाध्यक्ष श्री डी.बी. सुंदर रामम इस अनुरोध पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे, जिससे मरीजों के परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।”

सिंहभूम चैम्बर के अन्य पदाधिकारी जैसे उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव भरत मकानी, अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु एवं कोषाध्यक्ष सीए. अनिल रिंगसिया ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए डी.बी. सुंदर रामम से शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

यह पहल न केवल अस्पताल में आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए समय और सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे अस्पताल परिसर में आने-जाने का मार्ग भी सुगम होगा, जिससे मरीजों के परिजनों को मानसिक और शारीरिक दोनों प्रकार की राहत मिलेगी। सिंहभूम चैम्बर इस मुद्दे पर टाटा स्टील से सकारात्मक जवाब की अपेक्षा करता है।