सिंहभूम चैम्बर ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर जताया शोक, कहा – राज्य के सामाजिक-राजनीतिक जीवन में उत्पन्न हुआ शून्य

SHARE:

Jamshedpur : झारखंड आंदोलन के महानायक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने गहरा शोक व्यक्त किया है। चैम्बर की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शोक-संदेश भेजकर इस अपूरणीय क्षति पर संवेदना प्रकट की गई।

चैम्बर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि शिबू सोरेन एक कर्मठ, जुझारू और संवेदनशील राजनेता थे। उन्होंने अपने संपूर्ण राजनीतिक जीवन को जनसेवा और झारखंड के विकास के लिए समर्पित कर दिया। झारखंड राज्य की स्थापना में उनके संघर्ष को सदैव स्मरण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दिशोम गुरु का सिंहभूम चैंबर से भी विशेष जुड़ाव रहा है। वर्ष 2007-2009 के दौरान चैम्बर के सहयोग से आयोजित कैनवास इंडिया ट्रेड फेयर के उद्घाटन समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए थे और उन्होंने चैम्बर के प्रयासों की खुले दिल से सराहना की थी। इसके अतिरिक्त केंद्रीय कोयला मंत्री के रूप में भी वे विभिन्न व्यावसायिक आयोजनों में भाग लेते रहे, जिससे उनके सहयोगी और सरल व्यक्तित्व की झलक मिलती थी।



मानद महासचिव मानव केडिया ने कहा कि “शिबू सोरेन झारखंड के जनमानस में युगों तक जीवित रहेंगे। उनके विचार, कार्य और संघर्ष राज्य की आत्मा में बसे रहेंगे।”

इस मौके पर चैम्बर के पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव अंशुल रिंगसिया, भरत मकानी, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु एवं कोषाध्यक्ष सीए. अनिल रिंगसिया ने भी दिशोम गुरु के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे राज्य के सामाजिक और राजनीतिक जीवन में एक शून्यता बताया।

Leave a Comment