Adityapur : झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती) के अवसर पर बुधवार को जिलेभर में संकल्प सभा एवं आवास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राज्य सरकार के निर्देशानुसार, जिले के सभी प्रखंडों के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं अबुआ आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र वितरण और गृह प्रवेश समारोह संपन्न हुए।
सरायकेला प्रखंड के इटाकुदर पंचायत अंतर्गत ग्राम दूधी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा एवं उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा ने लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र वितरित किए और गृह प्रवेश कार्यक्रम में भाग लिया।
वहीं चांडिल प्रखंड के रचाप ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में ईचागढ़ की माननीया विधायक सविता महतो ने लाभुकों को आवास योजना की सफलता पर बधाई दी और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर जिले के सभी पंचायतों में ग्राम सभाओं के माध्यम से “सबके लिए आवास” के लक्ष्य को साकार करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं अबुआ आवास योजना के सफल क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित भी किया गया।
राज्य स्थापना दिवस की इस ऐतिहासिक घड़ी में पूरे जिले में उत्साह और विकास की भावना झलकी, जहां प्रशासन और जनता दोनों ने आवासीय समृद्धि के संकल्प को एक नई दिशा दी।









