Jamshedpur: दीपावली की पूर्व संध्या पर सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर रोशनी से जगमगा उठा। श्री अयोध्याधाम की तर्ज पर आयोजित इस भव्य दीपोत्सव में करीब 11 हजार देशी घी के दीपक जलाए गए। मंदिर परिसर का हर कोना दीपों की कतार से जगमगाता नजर आया।
कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पहला दीप जलाकर उत्सव की शुरुआत की। उनके साथ संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सहित समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।
महिलाओं ने रंग-बिरंगी रंगोलियों से परिसर को सजाया, वहीं श्रद्धालुओं ने “जय श्रीराम” के नारों के बीच दीप सजाए और शानदार आतिशबाजी के साथ दीपावली की खुशियां मनाईं।
इस अवसर पर रघुवर दास ने लौहनगरी जमशेदपुर और समस्त झारखंडवासियों को दीपावली व छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा—
“जिस प्रकार त्रेता युग में भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने पर दीपमाला सजाकर उनका स्वागत हुआ था, वैसा ही दृश्य आज सूर्यधाम में देखने को मिल रहा है। यह भक्ति और उत्साह का संगम है।”
उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फ़ॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की और मिट्टी के दीये एवं स्थानीय उत्पादों के उपयोग पर बल दिया ताकि गरीब और कुम्हार वर्ग की दीपावली भी खुशहाल बन सके।
संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने बताया कि सूर्य मंदिर समिति हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं के सहयोग से दीपोत्सव को यादगार बना रही है। आगामी छठ महोत्सव की तैयारियां भी पूरे जोरों पर हैं।
इस मौके पर अमरजीत सिंह राजा, रूबी झा, शैलेश गुप्ता, शशिकांत सिंह, कंचन दत्ता, प्रमोद मिश्रा, गुंजन यादव, दिनेश कुमार, मिथिलेश सिंह यादव, कमलेश सिंह, टुनटुन सिंह, विनय सिंह, कुमार अभिषेक, राकेश कुमार सहित कई सदस्य मौजूद रहे।









