जुआ विवाद में हुई हत्या का सिदगोड़ा पुलिस ने किया खुलासा, मुख्य आरोपी अशोक दूबे गिरफ्तार

SHARE:

Jamshedpur : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में जुआ विवाद के दौरान हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अशोक दूबे को गिरफ्तार कर लिया है। वह भुइयांडीह ग्वाला बस्ती, लाइन नंबर-1 के क्वार्टर नंबर-20 का रहने वाला है।

जानकारी के मुताबिक, 20 और 21 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब 1 बजे कान्हूभट्ठा इमली पेड़ के पास जुआ खेलने के दौरान दीपक विभार और अशोक दूबे के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अशोक दूबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर दीपक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल दीपक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

मृतक की मां मधु विभार के बयान पर सिदगोड़ा थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

29 अक्टूबर को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि फरार आरोपी अशोक दूबे बल्ले कंपलेक्स के पास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अशोक दूबे ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि जुआ खेलने के दौरान हुए झगड़े के बाद उसने दीपक विभार को गोली मारी थी। आरोपी ने यह भी बताया कि वारदात में उसके अन्य साथी भी शामिल थे, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में अवर निरीक्षक विकास कुमार, अवर निरीक्षक राजू लाल स्वासी और थाना रिजर्व गार्ड के जवानों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Comment