Adityapur : नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के तहत मतदान कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को सरायकेला स्थित काशी साहू महाविद्यालय में बनाए गए डिस्पैच सेंटर से प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों को विधिवत् उनके निर्धारित क्लस्टरों के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने संयुक्त रूप से डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान सामग्रियों की उपलब्धता, सीलबंदी प्रक्रिया, अभिलेख संधारण, सुरक्षा प्रबंधन तथा परिवहन व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के लिए कुल 16 (रिजर्व सहित) मतदान दलों को रवाना किया गया। कपाली नगर परिषद क्षेत्र हेतु 39 (रिजर्व सहित) मतदान दल तथा आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र हेतु 170 (रिजर्व सहित) मतदान दल संबंधित क्लस्टरों के लिए प्रेषित किए गए।
सरायकेला नगर पंचायत अंतर्गत 13 मतदान केंद्र, कपाली नगर परिषद अंतर्गत 31 मतदान केंद्र एवं आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में 136 मतदान केंद्रों पर कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। जिन केंद्रों पर 1000 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, वहां अतिरिक्त मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही, आकस्मिक आवश्यकता के मद्देनजर रिजर्व दलों को संबंधित प्रखंडों में तैनात रखा गया है।
सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के 03, कपाली नगर परिषद के 31 तथा आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के 05 मतदान केंद्रों को पर्दानशीन बूथ के रूप में चिह्नित किया गया है। प्रत्येक ऐसे बूथ पर एक महिला कर्मी की नियुक्ति सुनिश्चित की गई है, ताकि महिला मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान कर्मियों से संवाद करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक वातावरण में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सतर्कता बरती जाए।
मतदान 23 फरवरी 2026 को सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संपन्न होगा। मतदान उपरांत सभी मतपेटियों को विधिवत् सीलबंद कर सुरक्षित वज्रगृह में रखा जाएगा। मतगणना 27 फरवरी 2026 को काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला में की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हसदा, निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जैवर्धन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न कोषांगों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने
संयुक्त रूप से मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं एवं पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।








