Adityapur : राज्य स्थापना दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस झारखंड की एकता, अस्मिता और विकास का प्रतीक है। इस अवसर पर पूरे जिले में समारोह को भव्यता, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की तैयारी की जा रही है।
बैठक में बताया गया कि 11 से 15 नवंबर तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में जागरूकता रथ, फ्लैश मॉब और साइकिल रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, स्थापना दिवस समारोह के मुख्य आयोजन में झारखंडी लोकनृत्य, लोकगीत और पारंपरिक कला की विविध झलकियाँ प्रस्तुत की जाएंगी।
उपायुक्त ने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन प्राथमिकता के साथ करने का निर्देश दिया तथा तैयारियों की अद्यतन जानकारी समय-समय पर जिला मुख्यालय को देने को कहा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 18 नवंबर से 15 दिसंबर तक राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “आपकी योजना – आपकी सरकार – आपके द्वार” के तहत जिले के सभी पंचायतों में पंचायतवार शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिससे आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके द्वार पर मिल सके।









