Adityapur : स्थित अटल पार्क में रविवार को जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन का वार्षिक आम सभा (AGM) और चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चयन कमिटी के नेतृत्व में पारदर्शी तरीके से एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से मनमोहन सिंह को जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया।

मनमोहन सिंह वर्तमान में सरायकेला-खरसावां जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष भी हैं। अब वे खेल जगत में भी अपनी नेतृत्व क्षमता के माध्यम से जिले में एथलेटिक्स को नई दिशा देने का काम करेंगे।
चुनाव के बाद अपने संबोधन में मनमोहन सिंह ने कहा कि वे जिले में खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि गरीब और झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को भी बराबर का मौका दिया जाएगा ताकि हर प्रतिभावान बच्चा खेल के माध्यम से अपना भविष्य संवार सके।
उन्होंने चिंता जताई कि आजकल बच्चे मोबाइल फोन में अधिक व्यस्त रहते हैं और मैदान से दूर होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो गेम की लत छुड़ाकर बच्चों को मैदान में लौटाने का प्रयास किया जाएगा।
मनमोहन सिंह ने जोर देकर कहा कि संगठन के माध्यम से संगठित प्रयास किए जाएंगे ताकि सरायकेला-खरसावां जिला, जो कभी नशे के लिए बदनाम था, अब खेलों के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाए। उन्होंने संकल्प लिया कि जिला से राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का परचम लहराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा और खेल के हर पहलू को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा, चाहे इसके लिए कितनी भी चुनौतियों का सामना क्यों न करना पड़े।
कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ खेल पदाधिकारी, खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।