सरायकेला में अवैध गैस कटिंग का भंडाफोड़, एसडीओ ने की छापेमारी

SHARE:

Adityapur  : सरायकेला के टीचर्स ट्रेनिंग मोड़ के निकट एक झोपड़ीनुमा दुकान में अवैध रूप से गैस कटिंग किए जाने का मामला सामने आया है। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अभिनव प्रकाश ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान वहां से कई कमर्शियल गैस सिलेंडर, 47 लीटर का एक सिलेंडर, सीसीटीवी कैमरा, इंटरनेट कनेक्शन और अग्निशामक यंत्र बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वहां बिना वैध अनुमति के गैस कटिंग और सिलेंडर से संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

स्थानीय लोगों का दावा है कि उक्त स्थान पर इंडियन गैस की एजेंसी के नाम पर काम किया जा रहा था। हालांकि प्रशासन इस संबंध में दस्तावेजों की जांच कर रहा है।

एसडीओ अभिनव प्रकाश ने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि यदि जांच में एजेंसी अवैध पाई जाती है तो संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

बताया जाता है कि पुलिस टीम के देर से पहुंचने के कारण कथित संचालक मौके से फरार हो गया। प्रशासन द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Leave a Comment