जमशेदपुर।
श्रावण मास के पावन अवसर पर सर्व समाज सावन महोत्सव का आयोजन हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरे उल्लास और सौहार्द के साथ किया गया। कार्यक्रम की संचालिका श्रीमती मधु सिंह के नेतृत्व में यह आयोजन विभिन्न समाजों की महिलाओं को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक एकता, प्रेम और भाईचारे का प्रतीक बन गया।
दीप प्रज्वलन व शिव-पार्वती पूजन से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और भगवान शंकर-पार्वती जी को पुष्प अर्पित कर किया गया। मंच पर मुख्य अतिथि पूर्वी घोष, विशिष्ट अतिथि अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियन अरुणा मिश्रा तथा विशेष अतिथि झारखंड क्षत्रिय संघ महिला अध्यक्ष कविता परमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
भक्ति और परंपरा से सजी सांस्कृतिक संध्या
महोत्सव में लोकगीत, भजन, भोलेनाथ की स्तुति और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ हुईं, जो दर्शकों के लिए अत्यंत आकर्षक और भावपूर्ण रहीं। सभी वर्गों की महिलाओं ने अपनी उपस्थिति से आयोजन को सफल बनाया।
“सावन क्वीन” बनीं प्रियंका, माधुरी और आभा झा को मिला सम्मान
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण “सावन क्वीन प्रतियोगिता” रही, जिसमें प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधान और आत्मविश्वास के साथ मंच पर अपनी छवि प्रस्तुत की।
प्रथम स्थान: प्रियंका
द्वितीय स्थान: माधुरी
तृतीय स्थान: आभा झा
इन तीनों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
सजी श्रृंगार-संवारा सम्मान
महोत्सव में उपस्थित सभी महिलाओं को श्रृंगार उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे नारी सशक्तिकरण और सामूहिक उत्सव की भावना को बढ़ावा मिला।
आयोजन में इनका रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन मधु सिंह द्वारा अत्यंत कुशलतापूर्वक किया गया। मंच संचालन में शिल्पी सिंह, रूबी मिश्रा और रूपम सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं निशा सिंह और माला विद्यार्थी ने आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
