Jamshedpur : खौलती चाय से गंभीर रूप से झुलसी युवती मेहंदी के इलाज को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक ने उसके इलाज के पूरे खर्च की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।
विधायक सरयू राय ने कहा कि मेहंदी के इलाज में धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और उसका उपचार तब तक जारी रहेगा, जब तक वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाती।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्होंने लिखा कि मनबढ़ युवकों द्वारा खौलती चाय फेंकने से गंभीर रूप से घायल मेहंदी के इलाज में किसी प्रकार की कोताही नहीं होगी। उन्होंने बताया कि टाटा स्टील प्रबंधन ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है, जिसके तहत अस्पताल में बिल बकाया रहने पर भी इलाज जारी रहेगा।
उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि इलाज का बकाया खर्च वे स्वयं वहन करेंगे। इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
घटना के दूसरे ही दिन सरयू राय ने अपने जनसुविधा प्रतिनिधि नीरज सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और महानगर अध्यक्ष अजय कुमार को टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा था। उन्होंने निर्देश दिया था कि घायल युवती के इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उनके निर्देश पर टीम ने अस्पताल पहुंचकर मेहंदी के इलाज की स्थिति की जानकारी ली और पूरी रिपोर्ट विधायक को सौंपी।
यह पहली बार नहीं है जब सरयू राय ने इस तरह की संवेदनशीलता दिखाई हो। अपने सार्वजनिक जीवन में वे अक्सर मानवीय आधार पर जरूरतमंदों की मदद करते रहे हैं।
इस पहल से मेहंदी के परिवार को बड़ी राहत मिली है और अब बिना आर्थिक चिंता के उसका इलाज जारी रह सकेगा।










