Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने मानगो में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए जलापूर्ति विभाग (पीएचईडी) को दुर्गा पूजा तक का समय दिया है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि तय समय सीमा तक समस्या का समाधान नहीं होने पर तीव्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
रविवार को डिमना रोड, मानगो में आयोजित जनता दल (यूनाइटेड) की बैठक में श्री राय ने कहा कि मानगो में जल संकट को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। पीएचईडी का कहना है कि जल स्रोतों में बालू और कचरा भर जाने के कारण आपूर्ति बाधित हो रही है, लेकिन विभाग के अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पारडीह तालाब में एक चौथाई से अधिक भराव होने की शिकायत के बाद कार्य को रोका गया है। सोमवार को वह विधानसभा क्षेत्र की सभी प्रमुख समस्याओं को लेकर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मिलेंगे।
विधायक ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कचरा निष्पादन के लिए उचित स्थान का चयन नहीं किया जा रहा है, जिससे नियमित कचरा उठाव बाधित है। वहीं, कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब हैं और उनकी मरम्मत नहीं हो रही। उन्होंने निगम को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि सुधार नहीं होने पर निगम का घेराव किया जाएगा।
बैठक में जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, कुलविंदर सिंह पन्नू, नीरज सिंह, पप्पू सिंह, मस्तान सिंह, संतोष भगत, प्रवीण सिंह, दीपू सिंह समेत कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।









