सरायकेला में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान, लोगों से नियमों के पालन की अपील

SHARE:

Seraikela:सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सरायकेला पुलिस द्वारा रविवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देशानुसार परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजू कुमार एवं सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार की सक्रिय सहभागिता रही। गैराज चौक सहित सरायकेला के विभिन्न क्षेत्रों में आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा, गुड समेरिटन कानून, यातायात नियमों तथा सुरक्षित ड्राइविंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने, शराब पीकर वाहन न चलाने और पैदल यात्रियों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की। इस दौरान स्थानीय लोगों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब भी अधिकारियों ने सरल भाषा में दिए।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। यदि हर व्यक्ति यातायात नियमों का पालन करे तो दुर्घटनाओं में भारी कमी लाई जा सकती है और अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है।
पुलिस के इस जागरूकता अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की मांग की।

Leave a Comment