Adityapur : विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जन-जागरूकता अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सरायकेला में एक दिवसीय मुख एवं दंत स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह एवं डीडीओ डॉ. कामिनी लता के निर्देशन में संपन्न हुआ।
शिविर में सदर अस्पताल, सरायकेला की अवर दंत चिकित्सक डॉ. रीना सिंह द्वारा कुल 250 छात्राओं की ओरल स्क्रीनिंग (मुख जांच) की गई। इस दौरान छात्राओं के दांतों और मुख से संबंधित विभिन्न समस्याओं की पहचान कर आवश्यक सलाह दी गई। शिविर के सफल संचालन में दंत स्वास्थ्य विज्ञानी राजू कुमार पासवान, जीएनएम शीमा महतो एवं अशोक कुमार यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

डॉ. रीना सिंह ने छात्राओं को दंत स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सही तरीके से नियमित ब्रश करने, मुंह की सफाई बनाए रखने और संतुलित आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने तंबाकू एवं गुटखा सेवन के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि इससे मुख कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को दंत रोगों की रोकथाम और उपचार के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। मानसिक रोगों के लक्षण और उनसे बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन प्रियंका कुमारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। यह शिविर न केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित रहा, बल्कि छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बना।











