Jamshedpur : जमशेदपुर के साकची स्थित अग्रसेन भवन में शनिवार को एक भव्य और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जहां सरायकेला नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी का मारवाड़ी समाज जमशेदपुर द्वारा जोरदार स्वागत और सम्मान किया गया। कार्यक्रम में समाज की एकजुटता और उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
इस सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता तथा मानगो की नव-निर्वाचित महापौर सुधा गुप्ता उपस्थित रहीं। दोनों ने नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए जनसेवा के प्रति समर्पण बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न क्षेत्रों—चाकुलिया, घाटशिला, मुसाबनी समेत जमशेदपुर के सभी मंडलों से आए प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर श्री चौधरी का अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान से अभिभूत मनोज कुमार चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा और परोपकार मारवाड़ी समाज की पहचान है, जो उनके संस्कारों में गहराई से रचा-बसा है। उन्होंने कहा कि इस समाज में जन्म लेना उनका सौभाग्य है और वे समाज के गौरव को आगे बढ़ाने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि वे महान विभूतियों जैसे भामाशाह, जमुनालाल बजाज, राम मनोहर लोहिया और घनश्याम दास बिरला से प्रेरणा लेकर समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित करने का संकल्प लेते हैं।
श्री चौधरी ने इस सम्मान के लिए आयोजक उमेश साह सहित मारवाड़ी समाज के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
समारोह में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग एवं सदस्य उपस्थित रहे, जिनकी सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को उत्सव का रूप दे दिया।








