छऊ महोत्सव 2026 की तैयारियों का डीसी-एसपी ने किया निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश

SHARE:

Seraikela : आगामी 11 से 13 अप्रैल 2026 तक बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित होने वाले राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोजन को सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, कलाकारों एवं आगंतुकों की सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, शौचालय व्यवस्था, अग्निशमन एवं चिकित्सा दल की तैनाती को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही।

महोत्सव के दौरान बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में विकास मेला का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही स्थानीय उत्पादों और प्रसिद्ध खाद्य पदार्थों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय कारीगरों और उत्पादकों को प्रोत्साहन मिलेगा।

इस वर्ष के छऊ महोत्सव में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका सोना महापात्रा एवं इंडियन आइडल के कलाकार प्रियंगशु दत्ता की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी।

उपायुक्त ने जिलेवासियों और कला प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इस सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाएं।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रदीप उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सवैया, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment