जनगणना 2027 के प्रथम चरण हेतु तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, समयबद्ध और पारदर्शी कार्य पर जोर

SHARE:

Adityapur : भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) कार्य के सफल क्रियान्वयन को लेकर आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 10 अप्रैल 2026 को प्रखंड कार्यालय सभागार, सरायकेला में किया गया।

यह प्रशिक्षण उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी  के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें समापन सत्र में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम 08 अप्रैल से 10 अप्रैल तक आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी-सह-चार्ज जनगणना पदाधिकारी तथा नामित फील्ड ट्रेनर्स ने भाग लिया।

राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर एम.डी. तासिकुर रहमान एवं अविनाश ठाकुर द्वारा प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण एवं गणना से जुड़े तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सरायकेला प्रखंड के मानिक बाजार क्षेत्र में नगरीय नक्शा निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे उन्हें जमीनी स्तर पर कार्य की बेहतर समझ मिल सके।

प्रशिक्षण उपरांत सभी फील्ड ट्रेनर्स को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण देना सुनिश्चित करें, ताकि जनगणना कार्य निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य को तय समय सीमा में पूरा करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य के दौरान धैर्य, अनुशासन और आमजन के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखें।

साथ ही उन्होंने आंकड़ों की शुद्धता और गोपनीयता सुनिश्चित करने तथा भारत सरकार एवं राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर अपर जिला जनगणना पदाधिकारी कमलेश कुमार दास सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Comment