सरायकेला में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की प्रगति समीक्षा

SHARE:

Seraikela:समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की अद्यतन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक सहित आकांक्षी प्रखंडों के जिला एवं प्रखंड समन्वयक उपस्थित थे।

बैठक में उपायुक्त ने सरायकेला, गम्हरिया और कुकड़ू प्रखंडों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं अन्य प्रमुख क्षेत्रों से जुड़े Key Performance Indicators (KPIs) की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को अपने अधीनस्थ सूचकांकों की नियमित मॉनिटरिंग करने और लक्ष्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त सिंह ने स्पष्ट कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण CDPO और LS द्वारा अनिवार्य रूप से किया जाए, वहीं विद्यालयों का निरीक्षण BEO, BRP और CRP नियमित रूप से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केंद्रों और विद्यालयों की सुविधाओं का भौतिक सत्यापन कर किसी भी तरह की कमी मिलने पर तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत संचालित सभी गतिविधियों की सतत निगरानी करें, प्रगति की समीक्षा करें और संबंधित डेटा को समय पर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने पेयजल, शौचालय, भवन व अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन कड़ाई से दिशा-निर्देशों के अनुरूप हो और शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए, जिससे आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम अपने उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त कर सके।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को चेताया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विभागों को जमीनी स्तर पर कार्य में तेजी लानी होगी।

Leave a Comment