Ghatshila: जिले में अफीम की अवैध खेती की संभावना को पूरी तरह खत्म करने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावाँ पुलिस ने इस फ़सलीय वर्ष में “प्री कल्टीवेशन ड्राइव” अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत पुलिस की टीमों ने कुचाई थाना, दलभंगा ओपी और कांड्रा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ग्राम सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को अफीम की अवैध खेती के दुष्प्रभाव और उससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
कुचाई थाना अंतर्गत चिरुडीह गांव, दलभंगा ओपी क्षेत्र के रुगुडीह गांव, ईचागढ़ थाना के बड़ा आमडा गांव तथा कांड्रा थाना क्षेत्र के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय जंगलीखास में आयोजित सभाओं में ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने अफीम की खेती न करने की शपथ ली।
अभियान के दौरान थाना प्रभारीयों ने स्थानीय भाषा में संवाद करते हुए बताया कि अफीम की खेती न केवल अवैध है बल्कि यह समाज और भविष्य दोनों के लिए विनाशकारी है। साथ ही, ग्रामीणों को वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया गया।
पुलिस ने उपस्थित लोगों को डायल-112 आपातकालीन सेवा की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि अफीम की अवैध खेती और व्यापार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह पहल जिले में नशामुक्त समाज की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।









