विधायक संजीव सरदार और उपायुक्त की बैठक, यूसीआईएल विस्थापितों से लेकर सड़क-पानी तक कई मुद्दों पर मंथन

SHARE:

Jamshedpur:पोटका विधायक संजीव सरदार ने मंगलवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के साथ करीब दो घंटे तक चली अहम बैठक में जनहित से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। बैठक में यूसीआईएल नरवा पहाड़ विस्थापित कमिटी के प्रतिनिधि भी शामिल रहे, जिनके साथ रोजगार, पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।


विधायक ने बताया कि हाल ही में विधानसभा सत्र के दौरान उनकी पहल पर विस्थापित समिति के सदस्य मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले थे। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि यूसीआईएल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में राज्य के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए जल्द विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्य सचिव को भेजी जाए, ताकि आगामी बोर्ड बैठक में नरवा पहाड़, तुरामडीह, जादूगोड़ा और बंधुघोड़ा माइंस के विस्थापितों के रोजगार पर ठोस निर्णय लिया जा सके।


बैठक में बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को शीघ्र शुरू करने, बागबेड़ा थाना को आदर्श थाना बनाने, हल्दीपोखर में पुलिस टीओपी निर्माण और गर्मी को देखते हुए पंचायतों में टैंकर से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही घाघीडीह केंद्रीय कारा में चापाकल मरम्मत, वैकल्पिक जल व्यवस्था और शौचालय-स्नानघर के जीर्णोद्धार की भी मांग रखी गई।


विधायक ने करणडीह में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 100 मीटर लंबा डिवाइडर बनाने तथा हाता से टाटानगर तक सड़क चौड़ीकरण और 4-लेन निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर जल्द कार्य शुरू करने का निर्देश दिया।


संजीव सरदार ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विस्थापितों के अधिकार, किसानों और कर्मियों के मानदेय तथा ग्रामीणों की मूलभूत जरूरतें लंबित नहीं रहनी चाहिए।

साथ ही आत्मा कर्मियों के बकाया भुगतान, अधिग्रहित सड़कों के मुआवजे, उपस्वास्थ्य केंद्रों व आंगनवाड़ी के लिए वैकल्पिक भूमि चयन तथा हाई मास्क लाइट की मरम्मत एवं नई स्थापना की मांग भी रखी गई।



मुख्य बिंदु

यूसीआईएल विस्थापितों के रोजगार मुद्दे पर जल्द रिपोर्ट भेजने का निर्देश

बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को शीघ्र पूरा करने पर जोर

बागबेड़ा थाना को आदर्श थाना बनाने की पहल

हल्दीपोखर में पुलिस टीओपी निर्माण का प्रस्ताव

पंचायतों में टैंकर से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश

घाघीडीह केंद्रीय कारा में पानी व स्वच्छता व्यवस्था सुधारने की मांग

करणडीह में ट्रैफिक सुधार हेतु डिवाइडर निर्माण

हाता–टाटानगर सड़क चौड़ीकरण व 4-लेन निर्माण की पहल

आत्मा कर्मियों के बकाया भुगतान को लेकर निर्देश

सड़कों के अधिग्रहण मुआवजे का जल्द भुगतान

हाई मास्क लाइट की मरम्मत और नई स्थापना की मांग


बैठक के बाद क्षेत्र में विभिन्न वर्गों के बीच उम्मीद जगी है कि इन मुद्दों पर जल्द ठोस कार्रवाई होगी।

Leave a Comment