Jamshedpur : झारखंड विधान सभा के षष्ठम् विधानसभा के द्वितीय (बजट) सत्र के शून्यकाल में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने सलगाझरी रेलवे स्टेशन पर लोकल ट्रेनों का ठहराव बंद किए जाने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया।
विधायक ने कहा कि रेलवे द्वारा अचानक लोकल ट्रेनों का ठहराव समाप्त कर देने से हजारों दैनिक मजदूर, कामगार और विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए आने-जाने वाले लोग सीधे प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला न सिर्फ अमानवीय है, बल्कि इसे लागू करने से आमजन की रोजमर्रा की जिंदगी पर गंभीर असर पड़ रहा है।
मंगल कालिंदी ने स्पष्ट कहा कि इस निर्णय से इलाके के लाखों लोग नाराज़ हैं और विकट परिस्थितियों में यात्रा करने को मजबूर हैं। उन्होंने आसन के माध्यम से सरकार से मांग की कि लोकहित और जनहित में सलगाझरी स्टेशन पर लोकल ट्रेनों का ठहराव तत्काल बहाल कराया जाए, ताकि गरीब और श्रमिक वर्ग को राहत मिल सके।
विधायक ने यह भी कहा कि रेलवे को जनता की समस्या समझते हुए जल्द सकारात्मक कदम उठाना चाहिए, अन्यथा विरोध तेज होगा।









