“सेल गुवा का भविष्य स्वर्णिम होगा” — महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार

SHARE:

Chaibasha : सेल गुवा सम्बद्ध महिला समिति द्वारा किए जा रहे जनकल्याण, नारी सशक्तिकरण और क्षेत्रीय विकास के कार्यों से स्थानीय लोगों में निरंतर सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। यह बातें नव-नियुक्त महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार ने व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि समिति के प्रयासों से सेल गुवा क्षेत्र में पर्यावरण सरंक्षण और सामाजिक उत्थान की दिशा में उल्लेखनीय काम हो रहा है।

शालू कुमार ने बताया कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पेड़-पौधे लगाए जा रहे हैं और वन संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण के बिना समाज की कल्पना अधूरी है, और इसी सोच को लेकर समिति लगातार प्रयासरत है।

स्थानीय गुवा फिटनेस पार्क में स्थापित महारानी लक्ष्मीबाई, सरदार वल्लभभाई पटेल, पंडित जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस और भीमराव अंबेडकर की आकर्षक प्रतिमाएँ लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई हैं।

उन्होंने बताया कि सेल गुवा के तत्वावधान में सेफ्टी वीक और खान सुरक्षा सप्ताह के भव्य आयोजन की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। वहीं, लौह अयस्क उत्पादन में वृद्धि के लिए श्रमिकों और अधिकारियों की एकजुटता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

सीएसआर गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए शालू कुमार ने कहा कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य हित में विभिन्न गांवों में दर्जनों मेडिकल कैंप आयोजित किए गए, जिनमें निशुल्क जांच के साथ दवाओं का वितरण भी किया गया। स्वच्छ जल उपलब्धता के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किए गए हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में भी सेल गुवा महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। डीएवी गुवा के बाद इस्को मध्य विद्यालय में बच्चों की सुविधा के लिए बड़े पैमाने पर शेड का निर्माण कराया गया है।

शालू कुमार ने कहा कि गुवा को सुसज्जित और विकसित करने के लिए बृहद स्तर पर विकास योजनाओं पर कार्य जारी है। इन प्रयासों से साफ संकेत मिलता है कि आने वाला समय सेल गुवा के लिए स्वर्णिम भविष्य लेकर आएगा और क्षेत्र की बुनियादी जन समस्याओं को भी दूर किया जा सकेगा।

Leave a Comment