Jamshedpur : टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा जमशेदपुर कैंसर सोसायटी (जेसीएस) के सहयोग से मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट (एमसीएसयू) का शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य पहल को मजबूती देते हुए रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट ने मेहरबाई टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल (एमटीएमएच) को मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग वैन दान की है।
कैंसर स्क्रीनिंग वैन का औपचारिक उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान किया गया, जिसके बाद वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह सहयोग रोटरी ग्लोबल ग्रांट के माध्यम से संभव हुआ, जिसमें 54 रोटेरियंस, उनके परिवारजनों और मित्रों के व्यक्तिगत योगदान की भी अहम भूमिका रही। इसके अतिरिक्त, इस पहल को आरएसबी फाउंडेशन की सीएसआर सहभागिता से भी समर्थन प्राप्त हुआ है।
मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट कलिंगानगर, मेरामंडली और पूर्वी सिंहभूम के वंचित ग्रामीण समुदायों में मुख (ओरल), स्तन (ब्रेस्ट) और सर्वाइकल कैंसर की घर-घर स्क्रीनिंग सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इससे कैंसर की प्रारंभिक पहचान और समय पर उपचार तक पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
टाटा स्टील फाउंडेशन, जमशेदपुर कैंसर सोसायटी, रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट और आरएसबी फाउंडेशन के बीच यह सहयोगात्मक प्रयास सार्वजनिक स्वास्थ्य की गंभीर चुनौतियों से निपटने और संवेदनशील समुदायों के लिए समान, सुलभ और न्यायसंगत स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ाने में साझेदारी की शक्ति को रेखांकित करता है।









