Jamshedpur : जमशेदपुर अंतर्गत जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की उम्मीदवार रिंकू सिंह ने शनिवार को सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने चौक बाजार, गौरी शंकर रोड एवं आसपास के इलाकों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की। दोपहर बाद एमई स्कूल रोड में भी जनसंपर्क किया और बाद में मच्छी गोदाम बस्ती में स्थानीय बस्तिवासियों के साथ बैठक कर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।
बैठक को संबोधित करते हुए रिंकू सिंह ने कहा कि जनसेवा उनकी पारिवारिक विरासत है और बहुजन हिताय की भावना के साथ वह चुनाव मैदान में उतरी हैं। “जुगसलाई मेरे लिए केवल चुनावी क्षेत्र नहीं, बल्कि मेरा अपना घर है। यहां का हर नागरिक मेरे परिवार का सदस्य है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह चुनावी वादों के बजाय ‘वचन और दृढ़ संकल्प’ लेकर मैदान में हैं। अपने चुनाव चिन्ह “ईंटें” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह एक-एक ईंट से मजबूत इमारत तैयार होती है, उसी तरह उनके वादे और इरादे भी ठोस एवं मजबूत हैं।
मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता में
रिंकू सिंह ने कहा कि पूरे जुगसलाई क्षेत्र में टाटा स्टील यूटीलिटीज (पूर्व में जुस्को) के माध्यम से पानी और बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल और निर्बाध बिजली मिल सके।
उन्होंने महिला कॉलेज की स्थापना, बच्चों के लिए पार्क, जाम की समस्या से मुक्ति, पार्किंग की समुचित व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी अपने एजेंडे में शामिल बताया। “समग्र विकास और हर घर तक सुविधाएं पहुंचाना मेरा लक्ष्य है,” उन्होंने कहा।
समर्थन की अपील
जनसंपर्क के दौरान उन्होंने मतदाताओं से क्रम संख्या 08, चुनाव चिन्ह “ईंटें” छाप पर मुहर लगाकर सेवा का अवसर देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
अभियान के दौरान महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके समर्थन में नारे लगाए। विभिन्न इलाकों में स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत कर समर्थन का आश्वासन दिया।








