Seraikela:स्थानीय ग्रामीणों ने रापचा पंचायत के रापचा गांव में बन रही पीसीसी सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए सोमवार को जोरदार विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क जल्द ही जर्जर होने की आशंका है।
ग्राम प्रधान बसंत टुडू ने बताया कि पहले से बनी पीसीसी सड़क पर बिना मानक का पालन किए दोबारा नई पीसीसी लेयर बिछाई जा रही है। उन्होंने कहा कि, “सामग्री की गुणवत्ता बेहद कमजोर है। अगर अभी जांच की जाए तो बड़ी गड़बड़ी सामने आ जाएगी। यह सड़क कुछ ही महीनों में उखड़ जाएगी।”
पंचायत के पूर्व मुखिया जवाहरलाल माहली ने भी निर्माण कार्य पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वे उपायुक्त को लिखित शिकायत देंगे।
माहली ने कहा, “इतनी खराब गुणवत्ता का काम पहले कभी नहीं देखा। सड़क छह महीना भी नहीं टिक पाएगी। साइन बोर्ड तक नहीं लगाया गया है, जिससे पता चले कि कितनी लागत से सड़क बन रही है और किस एजेंसी को काम मिला है।” उन्होंने यह भी बताया कि सड़क पर जल छिड़काव व क्योरिंग भी मानक के अनुरूप नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल जांच की मांग करते हुए कहा कि घटिया निर्माण पर रोक लगाई जाए और गुणवत्तापूर्ण सड़क बनाई जाए, ताकि गांव के लोगों को लंबे समय तक सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों का विरोध बढ़ने के बाद विभागीय अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल ग्रामीणों ने साफ किया है कि जब तक गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित नहीं होता, वे आंदोलन जारी रखेंगे।









