Bhurkunda Firing : भुरकुंडा रेलवे साइडिंग पर नकाबपोश बाइक सवार अपराधियों की अंधाधुंध फायरिंग, इलाके में दहशत

SHARE:

Railway Siding Shooting : रामगढ़ जिले के भुरकुंडा रेलवे साइडिंग में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुए फायरिंग की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। नकाबपोश बाइक सवार दो अपराधियों ने रेलवे साइडिंग के समीप कई राउंड गोलियां चलाकर दहशत का माहौल खड़ा कर दिया।

चश्मदीदों के मुताबिक, गोलीबारी की यह वारदात भदानी नगर ओपी से महज 100 मीटर की दूरी पर घटी। हालांकि इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन अचानक हुई अंधाधुंध फायरिंग से मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर बड़ी तेजी से बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पतरातू एसडीपीओ, पतरातू इंस्पेक्टर के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान हो सके।

रंगदारी से जोड़कर देख रही है पुलिस

फिलहाल किसी गिरोह ने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन पुलिस इस घटना को रंगदारी और आपराधिक वर्चस्व के विवाद से जोड़कर देख रही है। गौरतलब है कि रेलवे साइडिंग क्षेत्र में पहले भी रंगदारी वसूली को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं।

बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता

दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना ने एक बार फिर रामगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से डरे-सहमे हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि अपराधियों की पहचान कर शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Comment