भुवनेश्वर स्टेशन तक सुरक्षित दिखा रामदास, CCTV फुटेज से खुलासा, कोवाली पुलिस जांच में जुटी

SHARE:

Jamshedpur : कोवाली थाना क्षेत्र के भेलाईडीह निवासी 38 वर्षीय रामदास के लापता होने के मामले में जांच को नया मोड़ मिला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि रामदास भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन तक सही-सलामत पहुंचा था। स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज में उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई है। इसके बाद वह कहां गया, इसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

परिजनों के अनुसार रामदास अपने पांच दोस्तों के साथ चेन्नई एक वाहन पहुंचाने गया था। लौटने के क्रम में वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। घटना के करीब 16 दिन बीत जाने के बावजूद उसका कोई ठोस पता नहीं चल पाया है, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने थाना के एसआई सिदो मुर्मू को रामदास के परिजनों और दोस्तों के साथ भुवनेश्वर भेजा है। पुलिस टीम ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें रामदास दिखाई दे रहा है।
दोस्तों का कहना है कि स्टेशन पर उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। इसके बाद से वह अचानक कहीं चला गया और संपर्क टूट गया।

फिलहाल परिजन, दोस्त और पुलिस टीम भुवनेश्वर में उसकी तलाश में जुटी हुई है। आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक रामदास के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a Comment