
साहिबगंज: गंगा नदी थाना क्षेत्र के गोपालपुर घीसू टोला गदाई दियारा में गंगा कटाव को रोकने को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रयागराज से रामदास जी महाराज को पूजा अर्चना करने के लिए बुलाया। जहां सोमवार शाम को रामदास जी महाराज ने अपने कुटिया से निकलकर पतित पावनी उत्तरवाहिनी गंगा नदी के तट पर गंगा मां की भव्य तरीके से पूजा अर्चना की। इसके बाद स्थानीय लोगों ने रामदास जी महाराज को फूल माला पहनाकर स्वागत किया। जहां देर शाम को सामूहिक रूप से स्थानीय महिला व पुरुष के साथ रामदास जी महाराज ने गंगा मैया की आरती करते हुए पूजा अर्चना किया। उधर गंगा कटाव को रोकने को लेकर प्रयागराज से पहुंचे रामदास जी महाराज ने बताया कि उनका यह 51 वाँ प्रयोजन है जिसमें वे गंगा कटाव को रोकने को लेकर यहां आए हुए हैं। आगे उन्होंने कहा कि अब तक वे ग्यारह बार पूरे देश में बहने वाले गंगा नदी की परिक्रमा कर चुके हैं और जहां जहां भी उन्होंने गंगा कटाव को रोकने को लेकर पूजा अर्चना किया है वहां गंगा नदी की अविरल धारा बहने लगी है। जहां उन्हें विश्वास है कि आने वाले दिनों में गोपालपुर घीसू टोला गदाई दियारा में भी गंगा का कटाव रुकेगा और यहां के स्थानीय लोग खुशहाली के साथ अपना जीवन यापन करेंगे। उधर गंगा कटाव को रोकने को आयोजित पूजा अर्चना कार्यक्रम को सफल बनाने में बजरंगी चौधरी के नेतृत्व में राजेंद्र चौधरी, लखन चौधरी, अमरनाथ चौधरी, विपुल चौधरी, कुंजबिहारी चौधरी समेत स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। जहां गंगा नदी के किनारे भारी संख्या में महिला व पुरुष गंगा मां की पूजा अर्चना करने के लिए जुटे हुए थे।









