Jamshedpur:मानगो नगर निगम चुनाव के तहत वार्ड संख्या 9 से प्रत्याशी राखाल सोरेन ने शनिवार को अपने समर्थकों के साथ व्यापक और प्रभावशाली जनसंपर्क अभियान चलाया। पूरे अभियान के दौरान क्षेत्र में उत्साह और जनसमर्थन का माहौल देखने को मिला।
सुबह 11 बजे बालिगुमा स्थित चुनावी कार्यालय से रैली की शुरुआत हुई। इसके बाद प्रचार यात्रा बालिगुमा नीचे बस्ती, बगाना बस्ती, ग्रीन सिटी, गायत्री होम्स, बाला कॉलोनी, सुखना बस्ती, भीम नगर, बालिगुमा ऊपर बस्ती, हरी मंदिर कुलही, कोचा कुलही, निर्माण साई, बास्तु विहार होते हुए गोड़गोड़ा पहुंचकर दोपहर 3 बजे संपन्न हुई।
करीब 500 से अधिक महिला-पुरुषों की भागीदारी ने अभियान को मजबूती दी। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर अपना समर्थन व्यक्त किया। खासकर महिलाओं और युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति ने चुनावी माहौल को और ऊर्जावान बना दिया।
जनसंपर्क के दौरान राखाल सोरेन ने कहा कि वार्ड संख्या 9 को अपराधमुक्त, भयमुक्त और पारदर्शी प्रशासन वाला आदर्श वार्ड बनाया जाएगा। उन्होंने असामाजिक तत्वों, अवैध गतिविधियों, नशाखोरी और गुंडागर्दी पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर शांति व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। वार्ड में सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा तथा प्रत्येक मोहल्ले में जनसहभागिता समिति गठित कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
राखाल सोरेन ने मतदाताओं से अपील की कि वे “ब्लैकबोर्ड” चुनाव चिन्ह पर मतदान कर विकास, जवाबदेही और जनभागीदारी की नई दिशा तय करें।
यह जनसंपर्क अभियान वार्ड संख्या 9 में मजबूत जनसमर्थन और सकारात्मक राजनीतिक माहौल का संकेत देता है।








