राजनगर में भीषण सड़क हादसा, एक युवक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

SHARE:

Jamshedpur : राजनगर-जुगसलाई मुख्य मार्ग पर बड़ा कुनाबेड़ा मोड़ के पास बीती रात करीब एक बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान सरायकेला थाना क्षेत्र के गोहिरा निवासी धनुराम सरदार (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में रवि सरदार (45 वर्ष), राथु सरदार (18 वर्ष) और बीरसिंह सरदार (24 वर्ष) शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल रवि सरदार का इलाज रिम्स में चल रहा है, जबकि राथु सरदार का हाथ टूट गया है। राथु, मृतक धनुराम का छोटा भाई बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों युवक दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर पोटका प्रखंड के हितकु गांव में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ा कुनाबेड़ा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अज्ञात कार ने दोनों मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में धनुराम सरदार कार के अगले हिस्से में फंस गए और करीब 100 फीट तक घसीटते हुए एक खंभे से टकरा गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अन्य तीन युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने धनुराम को मृत घोषित कर दिया।

इधर, सुबह गोहिरा गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और पोस्टमार्टम के लिए वाहन उपलब्ध कराने की मांग की। समय पर वाहन की व्यवस्था नहीं होने के कारण शाम तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिससे ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश देखा गया।

ग्रामीणों ने फरार कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आवेदन दिया है। बताया जा रहा है कि मौके से पुलिस को कार का नंबर प्लेट भी मिला है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment