Tata Motors Union : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने मनाई स्व. राजेन्द्र सिंह की जयंती, किया उनके योगदान को याद

SHARE:

Jamshedpur : झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं लोकप्रिय मजदूर नेता स्वर्गीय राजेन्द्र सिंह की जयंती के अवसर पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन द्वारा बुधवार को एक सादगीपूर्ण एवं भावभीना कार्यक्रम आयोजित किया गया। यूनियन सभागार में आयोजित इस समारोह में यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आर.के. सिंह, यूनियन के अन्य पदाधिकारी, कमेटी मेंबर एवं आर.के. सिंह फैंस क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।



कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय राजेन्द्र सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर और श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। सभी ने बारी-बारी से पुष्पांजलि अर्पित करते हुए अपने-अपने विचार साझा किए।



महामंत्री आर.के. सिंह ने स्व. राजेन्द्र बाबू को मृदुभाषी, कुशल नेतृत्वकर्ता और जनप्रिय नेता बताया। उन्होंने कहा कि उनका व्यक्तित्व इतना प्रभावशाली था कि झारखंड विधानसभा ने उन्हें श्रेष्ठ विधायक (बेस्ट एम.एल.ए.) के सम्मान से नवाजा था। वे हमेशा मजदूरों और आमजन के अधिकारों की लड़ाई के लिए प्रतिबद्ध रहे।



अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि राजेन्द्र बाबू का जमशेदपुर से विशेष लगाव था। वे भले ही शारीरिक रूप से छोटे कद के थे, परंतु उनके विचार उच्च और दूरदर्शी थे। उन्होंने मजदूरों के कल्याण के लिए जो कार्य किए, वे आज भी प्रेरणास्रोत हैं।



समारोह में अन्य वक्ताओं ने भी स्व. राजेन्द्र सिंह के सामाजिक, राजनीतिक और श्रमिक आंदोलनों में योगदान को याद किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Comment