Jamshedpur:पूर्वी सिंहभूम में जन शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। मंगलवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने अपने कार्यालय कक्ष में 35 से अधिक नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।
इस दौरान नागरिकों ने स्वास्थ्य उपचार, मुआवजा, जमीन विवाद, मंईयां सम्मान योजना का लाभ, अवैध कब्जा, स्कूल फीस, आर्म्स लाइसेंस, दुकान आवंटन, पार्किंग, राशन एवं पेंशन से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने यह भी बताया कि जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन की इस पहल से आम नागरिकों में भरोसा बढ़ा है और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है।









