जेमको कॉम्बी मिल का फ्लाईऐश डस्ट सड़क पर बहाने का आरोप, स्थानीय लोगों का विरोध तेज

SHARE:

जमशेदपुर।
जेमको कॉम्बी मिल कंपनी द्वारा गेट नंबर–4 से महीने में एक-दो बार फ्लाईऐश डस्ट युक्त पानी सड़क पर बहाए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। बताया गया कि इस गंदे पानी के कारण जेमको रोड पर कीचड़ फैल जाता है, जिससे आम जनता को आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं और दुर्घटनाएं भी घटित हुई हैं।

इस गंभीर समस्या को लेकर सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष सह झामुमो नेता राजेश सामंत ने कंपनी के एडमिन पदाधिकारी से फोन पर बातचीत कर तत्काल समाधान की मांग की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क पर फ्लाईऐश डस्ट मिला पानी छोड़ा जाना आम जनता की सुरक्षा और सुविधा के साथ खिलवाड़ है। यदि कंपनी द्वारा इस पर शीघ्र रोक नहीं लगाई गई, तो गेट पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

इस मौके पर मुखिया शिवलाल लोहरा, गोविंदपुर सामाजिक सेवा संघ की महिला अध्यक्ष रुपम सिंह, पूर्व मुखिया लक्ष्मण मुंडा, सामाजिक सेवा संघ के प्रवक्ता सोनू श्रीवास्तव, जितेंदर ठाकुर, छोटे सरदार, राकेश शर्मा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कंपनी प्रबंधन से जनहित में इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

Leave a Comment