‘प्रोजेक्ट उल्लास’ के तहत बोड़ाम में मिर्गी जांच शिविर, 72 मरीजों को मिला मुफ्त उपचार व दवा

SHARE:

Jamshedpur:पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की पहल पर संचालित ‘प्रोजेक्ट उल्लास’ के तहत मिर्गी रोगियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन मंगलवार को बोड़ाम प्रखंड के लावजोड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क परामर्श, उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराईं।

शिविर के दौरान कुल 72 मरीजों की जांच की गई, जिसमें 18 नए मरीजों का पंजीकरण किया गया, जबकि 54 पुराने मरीजों का फॉलोअप किया गया। सभी मरीजों को एम्स, नई दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विस्तृत जांच के बाद आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया गया।

यह अभियान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की पहल पर जिला स्वास्थ्य समिति के माध्यम से चलाया जा रहा है, जिसके तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में क्रमवार ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य मिर्गी रोग से पीड़ित लोगों की समय पर पहचान कर उनका वैज्ञानिक और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करना है।

जिला प्रशासन द्वारा मिर्गी रोग को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए भी लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों को यह समझाने में जुटी है कि मिर्गी एक चिकित्सीय बीमारी है, जिसका सही इलाज संभव है।

शिविर के माध्यम से न सिर्फ मरीजों को निःशुल्क इलाज और दवा दी जा रही है, बल्कि उनका नियमित फॉलोअप भी सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि उपचार की निरंतरता बनी रहे।

उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि जरूरतमंद मरीज समय पर इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।

Leave a Comment