प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर मीडिया कप 2026 का ऐलान, कीनन स्टेडियम में होगा भव्य आगाज़

SHARE:

Jamshedpur : प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित मीडिया कप 2026 क्रिकेट टूर्नामेंट के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन कीनन स्टेडियम, जमशेदपुर में किया जाएगा। टूर्नामेंट का आयोजन 2 फरवरी से 8 फरवरी तथा 12 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक किया जाएगा, जिसमें शहर और अंचल के मीडिया कर्मी क्रिकेट के मैदान में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, महासचिव बिनय पूर्ति और कोषाध्यक्ष अजय महतो ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन समिति और खेल अधिकारियों के साथ शीघ्र ही बैठक कर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि प्रतियोगिता का संचालन सफल और सुव्यवस्थित ढंग से हो सके।

इस टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इसके अलावा दर्शकों के मनोरंजन के लिए कई प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किए जाएंगे। सभी मुकाबले ड्यूज़ बॉल से खेले जाएंगे, जिससे प्रतियोगिता में संतुलित और रोमांचक खेल देखने को मिलेगा।

प्रेस क्लब द्वारा पूर्व में आयोजित मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंटों ने जमशेदपुर के पत्रकारों के बीच खेल भावना को मजबूती प्रदान की है। पिछले आयोजनों में विभिन्न टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को दर्शकों ने खूब सराहा था। मीडिया कप 2026 का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को दैनिक कार्यों की व्यस्तता से इतर खेल के माध्यम से मनोरंजन, आपसी सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अवसर उपलब्ध कराना है।

Leave a Comment