मनोहरपुर क्षेत्र में डहरे टुसू पर्व की तैयारियां तेज, आमंत्रण अभियान का हुआ शुभारंभ

SHARE:

Chaibasa : मनोहरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में पारंपरिक लोकपर्व डहरे टुसू को भव्य, अनुशासित और उत्साहपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में डहरे टुसू संचालन समिति द्वारा क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनसेवकों और गणमान्य नागरिकों से मिलकर आमंत्रण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।

संचालन समिति ने जानकारी दी कि डहरे टुसू पर्व का आयोजन 10 जनवरी 2026 को किया जाएगा। इस अवसर पर नंदपुर चौक से निर्मल चौक (उन्धन) तक एक भव्य डहरे टुसू शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिला-पुरुष नृत्य मंडलियां, कुडमाली लोकगीत गायक और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के कलाकार भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक नृत्य और गीत-संगीत की जीवंत झलक देखने को मिलेगी।

आमंत्रण अभियान का नेतृत्व डहरे टुसू संचालन समिति के अध्यक्ष अनादी महतो, उपाध्यक्ष रुपलाल महतो तथा समिति सदस्य विनय महतो, संतोष महतो, महेंद्र महतो, खगेश्वर महतो और नीलांबर महतो ने किया। समिति के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागी बनें और लोकसंस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में अपना योगदान दें।

संचालन समिति ने विश्वास जताया कि इस वर्ष का डहरे टुसू पर्व सामाजिक सौहार्द, सांस्कृतिक एकता और लोकपरंपराओं के संरक्षण का सशक्त उदाहरण बनेगा तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करेगा।

Leave a Comment