जमशेदपुर। बहुभाषीय साहित्यिक संस्था सहयोग और रोटरी क्लब जमशेदपुर वेस्ट के संयुक्त तत्वावधान में मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के सभागार में प्रेमचंद जयंती का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के 11 प्रतिष्ठित विद्यालयों ने प्रेमचंद की कालजयी कहानियों पर आधारित नाटकों का मंचन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वरिष्ठ रंगकर्मी कृष्णा सिन्हा रहीं, जिन्होंने बच्चों की प्रस्तुति को मंत्रमुग्ध होकर देखा और नई पीढ़ी में साहित्यिक चेतना जगाने के इस प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मुंशी प्रेमचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ हुआ। निर्णायक मंडल में साहित्य व रंगमंच से जुड़ी हस्तियाँ श्री हरि मित्तल, दिनकर शर्मा तथा श्रीमती सुधा गोयल उपस्थित रहीं।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष अशोक झा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि “हर वर्ष की तरह इस बार भी रोटरी क्लब और सहयोग ने मिलकर प्रेमचंद जयंती को एक सांस्कृतिक पर्व के रूप में मनाया है। रोटरी क्लब के अंतर्गत आने वाले आठ स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए इस तरह के आयोजन नेतृत्व विकास का माध्यम बनते हैं।”
कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और अभिनेत्री को डॉ. वीणा रानी श्रीवास्तव की स्मृति में ‘प्रभा सम्मान’ से सम्मानित किया गया, वहीं सर्वश्रेष्ठ नाटक को ‘वैदुष्यमणि डॉ. वीणा रानी श्रीवास्तव सम्मान’ प्रदान किया गया। सहयोग संस्था की ओर से सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटरी क्लब की विनीता झा, विद्या तिवारी, डॉ. गांधी, अनुपम सहगल, संजीव सहगल, रूबी भाटिया, डॉ. अनीता शर्मा, डॉ. पुष्पा कुमारी और छाया प्रसाद ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का कुशल संचालन रोटेरियन अंजनी निधि ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहयोग की सचिव श्रीमती विद्या तिवारी द्वारा प्रस्तुत किया गया।









