Potka:पूर्वी सिंहभूम जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति देते हुए बुधवार को सदर अस्पताल, खासमहल में 100 बेड वाले अत्याधुनिक प्री-फैब्रिकेटेड हॉस्पिटल और सिकल सेल एनीमिया लैब का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और पोटका विधायक संजीव सरदार ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, टाटा स्टील के वीपी सीएस डी बी सुन्दरा रमन, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा समेत अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा
नए प्री-फैब्रिकेटेड हॉस्पिटल के शुरू होने से पोटका, बोड़ाम, बहरागोड़ा और आसपास के ग्रामीण इलाकों के मरीजों को अब तेज़ और बेहतर चिकित्सा सेवा मिल सकेगी।
आपातकालीन स्थितियों में तत्काल इलाज की सुविधा और सिकल सेल एनीमिया की जांच स्थानीय स्तर पर होने से हजारों परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
“कोई नागरिक इलाज के अभाव में परेशान न हो”—डॉ. इरफान अंसारी
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री अंसारी ने कहा—
“झारखंड सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार निवेश कर रही है। 100 बेड का यह आधुनिक फ़ील्ड हॉस्पिटल इलाज की क्षमता को कई गुना बढ़ाएगा। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है—राज्य का कोई भी नागरिक स्वास्थ्य सुविधा के अभाव में कष्ट न झेले। आने वाले समय में और भी उन्नत सुविधाएँ स्थापित की जाएँगी।”
उन्होंने आगे कहा कि हेमंत सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता दे रही है।
“पोटका के लिए ऐतिहासिक दिन”—विधायक संजीव सरदार
अपने संबोधन में विधायक संजीव सरदार ने कहा—
“यह मेरे पोटका के लोगों के लिए ऐतिहासिक दिन है। इस अस्पताल और सिकल सेल लैब से सबसे अधिक लाभ मेरे विधानसभा के ग्रामीणों को मिलेगा। लोगों का समय और आर्थिक खर्च दोनों बचेगा। मैं सरकार और स्वास्थ्य मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।”
स्थानीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि
इस सुविधा के शुरू होने से—
ग्रामीण मरीजों को शहर के बड़े अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।
सिकल सेल एनीमिया की उन्नत जांच स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगी।
आपातकालीन सेवाओं की क्षमता में बड़ा विस्तार होगा।
स्वास्थ्य ढांचे में लंबे समय से लंबित जरूरतें पूरी होंगी।









