हेमंत सरकार में गांव-गरीब को मिला असली हक और सम्मान, विपक्ष बेचैन : संजीव सरदार

SHARE:

Jamshedpur:झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पोटका प्रखंड के शंकरदा पंचायत अंतर्गत पहाड़भांगा में भव्य कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। झामुमो पोटका प्रखंड कमेटी द्वारा आयोजित इस शिविर में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो नेता सुनील महतो, पूर्व पार्षद हीरामनी मुर्मू, चंद्रावती महतो सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

झामुमो स्थापना दिवस पर आयोजित यह शिविर केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति का स्पष्ट संकेत था। 34 पंचायतों से पहुंचे कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने यह दिखा दिया कि पोटका में झामुमो की सांगठनिक पकड़ लगातार मजबूत हो रही है।
शहीदों को नमन के साथ शिविर का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत दिशोम गुरु शिबु सोरेन और अमर शहीद निर्मल महतो की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर की गई। शहीदों को नमन करते हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के संघर्ष और बलिदान की विरासत को याद किया।

आंदोलन की उपज है झामुमो : संजीव सरदार

शिविर को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झामुमो किसी सत्ता की देन नहीं, बल्कि एक लंबे आंदोलन की उपज है। अलग राज्य के लिए सैकड़ों लोगों ने कुर्बानी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य गठन के बाद लंबे समय तक भाजपा ने सत्ता में रहते हुए झारखंड की खनिज संपदा को उद्योगपतियों के हवाले किया, जबकि आदिवासी-मूलवासी और गरीब तबका हाशिए पर रहा।

उन्होंने कहा कि वर्षों बाद राज्य की जनता ने झामुमो गठबंधन पर भरोसा जताया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राज्य की कमान सौंपी। आज उसी का परिणाम है कि गांव, गरीब, आदिवासी और महिलाओं को उनका वास्तविक हक और सम्मान मिल रहा है।
अबुआ सरकार से घबराया विपक्ष

विधायक ने कहा कि अबुआ सरकार के कार्यकाल में विकास की रफ्तार तेज हुई है, जिससे विपक्ष और केंद्र सरकार बेचैन हैं। राज्य के विकास को रोकने के लिए तरह-तरह की बाधाएं खड़ी की जा रही हैं, लेकिन झामुमो की सरकार इन दबावों से डरने वाली नहीं है। यह सरकार हर वर्ग को अधिकार और सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
पंचायत चुनाव की तैयारी का दिया मंत्र

संजीव सरदार ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से जनता की समस्याओं से जुड़कर काम करें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही झामुमो की पहचान हैं।

कार्यक्रम का संचालन और उपस्थिति
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन ने किया। मौके पर विधासागर दास, जिकरुल होदा, कार्तिक मुर्मू, ओमप्रकाश गुप्ता, हितेश भगत, चक्रधर महतो, अनुपम मंडल, भुवनेश्वर सरदार, भुगलु टुडू, सुबोध सरदार, सुनीता महतो, योगेश भगत, भूपति महतो, बिरेन बास्के, शिवचरण मुर्मू समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्थापना दिवस पर आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर पोटका में झामुमो की राजनीतिक सक्रियता और आगामी चुनावी तैयारियों का साफ संकेत देता नजर आया।

Leave a Comment