Jamshedpur:मानगो थाना क्षेत्र के गोकुलनगर बस्ती निवासी युवक जीत महतो की पुलिस हिरासत में हुई संदिग्ध मौत ने शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में भाजपा का एक शिष्टमंडल गोकुलनगर पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।
परिजनों के अनुसार, 30 दिसंबर को मोबाइल चोरी के संदेह में पुलिस ने जीत महतो को हिरासत में लिया था। आरोप है कि हिरासत के दौरान उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। बाद में उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार का यह भी आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद दो दिनों तक उन्हें जीत महतो से मिलने नहीं दिया गया, इसी दौरान उसकी गर्भवती पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया, जो पैदा होते ही पिता के साये से वंचित हो गई।
घटना के बाद पुलिस द्वारा आनन-फानन में यूडी केस दर्ज कर पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार कराए जाने तथा परिजनों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि दिए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। भाजपा नेताओं ने इसे मामले को दबाने की कोशिश करार दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने इस घटना को मानवता को शर्मसार करने वाला बताते हुए कहा कि पुलिस हिरासत में मौत सीधे तौर पर शासन और प्रशासन की विफलता है। उन्होंने मांग की कि
मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच हो
एमजीएम थाना प्रभारी को तत्काल बर्खास्त किया जाए
दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए
उन्होंने कहा कि राज्य में गरीब होना अपराध बनता जा रहा है और पुलिस की बर्बरता पर पर्दा डालने के लिए मुआवजे का सहारा लिया जा रहा है।
वहीं, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने जिला प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा में दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो भाजपा सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय, सुरक्षा और उचित मुआवजा दिलाने तक संघर्ष जारी रखेगी।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव, बिनोद सिंह, नीरज सिंह, संजीव सिन्हा, बबुआ सिंह, राजीव सिंह, विजय तिवारी, कृष्णा शर्मा काली, बिनोद राय, रविन्द्र सिसोदिया, नीतीश कुशवाहा, नीलू मछुआ, आनंद कुमार, सुशील पांडेय समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।









