Seraikela: Punjab National Bank के रांची मंडल के मंडल प्रमुख अवधेश कुमार झा ने गुरुवार को पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) सरायकेला का दौरा किया। संस्थान पहुंचने पर निदेशक उमा शंकर तांती ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने भ्रमण के दौरान मंडल प्रमुख ने ‘जूट प्रोडक्ट उद्यमी’ बैच के प्रशिक्षुओं से संवाद किया और उनके कौशल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा को स्वरोजगार का अहम हिस्सा बताते हुए प्रशिक्षुओं को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
अवधेश कुमार झा ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि बैंक स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रहा है। इच्छुक अभ्यर्थी अपनी जरूरत के अनुसार बैंक शाखा या डिजिटल माध्यमों से घर बैठे ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग के लाभों और सुरक्षित लेन-देन के तरीकों पर भी विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर मुरली कुमार राव भी मौजूद रहे, जिन्होंने संस्थान के प्रशिक्षण कार्यों का अवलोकन किया। निदेशक उमा शंकर तांती ने मंडल प्रमुख को संस्थान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में संस्थान के कर्मी गोविंद रॉय, दिलीप आचार्य, इंद्रजीत कैबत, द्रौपदी महतो सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित रहे। सभी ने मंडल प्रमुख के मार्गदर्शन को उपयोगी बताते हुए आभार व्यक्त किया।








