Jamshedpur : पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के कदमा स्थित आवासीय कार्यालय में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए और आतिशबाजी कर अपने नए जिलाध्यक्ष का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने परविंदर सिंह को फूलों का गुलदस्ता और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान परविंदर सिंह ने उनसे आशीर्वाद लिया।
अपने संबोधन में बन्ना गुप्ता ने कहा कि “छात्र जीवन से ही कांग्रेस पार्टी के लिए समर्पित व्यक्ति को जिलाध्यक्ष बनाना, पार्टी नेतृत्व का सराहनीय निर्णय है।” उन्होंने विश्वास जताया कि परविंदर सिंह अपने नए दायित्व का कुशलता पूर्वक निर्वहन करेंगे और जहाँ भी आवश्यकता होगी, वह अभिभावक की भूमिका में सदैव साथ रहेंगे।
कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्षों, थाना अध्यक्षों एवं महिला कार्यकर्ताओं ने भी परविंदर सिंह को माला पहनाकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि, “पार्टी कार्यकर्ताओं का स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है, इसी सहयोग से कांग्रेस को मजबूत बनाने का प्रयास करूंगा।”
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे, जिनमें विभिन्न प्रखंडों और मोर्चों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
